दिल्लीः 13 साल की मासूम से दरिंदगी का एक आरोपी गिरफ्तार
सीएम केजरीवाल पहुंचे हाल जानने, 10 लाख रुपए की मदद की घोषणा
नई दिल्ली. पश्चिम विहार वेस्ट के पीरागढ़ी इलाके में 13 साल की नाबालिगा से दुष्कर्म के मामले में दिल्ली पुलिस ने 33 साल के एक आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया है। न सिर्फ कैंची से उसके सिर और शरीर को गोद गया, बल्कि उसके साथ निर्भया जैसी वारदात की गई। खून से नहाई हुई बच्ची को मरा हुआ समझकर आरोपी वहां से फरार हो गए थे। अस्पताल में भर्ती बच्ची की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।
जॉइंट सीपी (वेस्टर्न रेंज) शालिनी सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की पहचान कृष्णा (33) के तौर पर हुई है। वो पहले वह हत्या, हत्या की कोशिश और सेंधमारी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस ने बच्ची को फौरन संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया था। उसके सिर और हिप्स में धारदार हथियार से कई वार किए गए थे।डॉक्टरों ने बच्ची के सिर व कटे हुए हिस्सों में टांके लगाए, और हाथों हाथ एम्स रेफर कर दिया था।
जानकारी अनुसार 13 साल की बच्ची परिवार के साथ पीरागढ़ी में किराए पर रहती है। परिवार मूल रूप से बिहार का रहनेवाला है। जिस कमरे में परिवार रहता है, वह बिल्डिंग तीन मंजिल की है, जिसमें छोटे-छोटे करीब 25 कमरे बने हुए हैं। इनमें अधिकतर आसपास की फैक्ट्रियों में लेबर का काम करते हैं। बच्ची के परिवार में माता-पिता और एक बड़ी बहन है। माता-पिता फैक्ट्री में लेबर हैं। बड़ी बहन भी काम करती है। लगभग रोजाना वह बच्ची अपने कमरे में अकेली रहती है। वाकया मंगलवार शाम का है। पुलिस को तकरीब साढ़े पांच बजे कॉल मिली थी। आशंका है कि बच्ची के साथ करीब 4 बजे वारदात हुई है। शुरुआती जांच में दो लड़के थे। उसके साथ सेक्सुअल असॉल्ट की कोशिश हुई। बच्ची ने विरोध किया तो उसकी हत्या की कोशिश हुई। हिप्स व सिर में गंभीर चोटें हैं।
दरिंदगी की शिकार हुई बच्ची का दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा है जहां वह जीवन और मौत के बीच झूल रही है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने वीरवार को एम्स पहुंचकर मासूम का हाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मदद का ऐलान किया। बच्ची की गंभीर हालत के बारे में बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि आने वाले 48 घंटे बहुत अहम हैं। उन्होंने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर से भी बात की और पीड़ित परिवार को गुनहगारों को सख्त से सख्त सजा दिलवाने का भरोसा दिया।
केजरीवाल को कांग्रेस के विरोध का करना पड़ा सामना
केजरीवाल जब बच्ची का हाल जानने एम्स पहुंचे, उस दौरान उन्हें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध का भी सामना करना पड़ा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में बढ़ते महिला और बाल अपराध को लेकर दिल्ली सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विरोध और नारेबाजी के बीच ही केजरीवाल एम्स परिसर के अंदर घुसे और बच्ची के परिजनों से मुलाकात की।